अब गांव-गांव सजेगी अफसरों की चौपाल

रुद्रप्रयाग,। प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में ’सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम का बिगुल बज गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में मार्च माह के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों का रोस्टर जारी कर दिया गया है। इस अभियान के तहत अधिकारी गांवों में जाकर चौपाल लगाएंगे और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस अभियान के लिए कुल 15 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 45 जनपद स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। मार्च माह के रोस्टर के अनुसार प्रमुख अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि माह मार्च के लिए जारी रोस्टर के अनुसार उप वन संरक्षक रजत सुमन, जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. दीपा तिलारा विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत स्यूंड में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इसी तरह अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप निदेशक खान वीरेंद्र कुमार व जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ग्राम पंचायत जाखणी में भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने बताया कि उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, अधिशासी अभियंता मनोज कुमार तथा तहसीलदार जखोली विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत सतनी जबकि उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश व अधिशासी अभियंता एनएच ओंकार पांडेय विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत धारकोट में ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। सीडीओ ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी टीमें आवंटित ग्राम पंचायतों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करें। उन्होने अधिकारियों को बैठक की कार्यवाही के साथ-साथ फोटोग्राफ सहित विस्तृत आख्या (रिपोर्ट) प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *