संदिग्ध परिस्थितियों में मिला बैंकेट हॉल स्वामी का शव
नैनीताल,। सुशीला तिवारी अस्पताल के समीप एक युवक का कार में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित घूंघट बैंकेट हॉल स्वामी के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। साथ ही इस मामले में पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार हल्द्वानी में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिला। सुशीला तिवारी अस्पताल के पास एक खड़ी कार में 32 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल के पास लंबे समय से खड़ी एक कार पर लोगों की नजर गई। वाहन के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में दिखाई दिया। जब आसपास के लोगों ने पास जाकर देखा तो व्यक्ति में कोई हरकत नहीं थी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार और कोतवाल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाकर जांच की तो व्यक्ति मृत पाया गया। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अरुण बिष्ट के रूप में हुई है। अरुण बिष्ट बरेली रोड स्थित घूंघट बैंकेट हॉल संचालित करता था। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि सुशीला तिवारी अस्पताल के पास एक कार से व्यक्ति मृत अवस्था में मिला था। शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक का बरेली रोड में बैंकेट हॉल भी है। मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद चल पाएगा।