नशामुक्ति और राष्ट्रहित में सक्रिय हों युवा, फाटा में धर्माचार्यों ने भरी हुंकार
रुद्रप्रयाग,। केदारघाटी के फाटा क्षेत्र में सनातन मंच के तत्वाधान में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। भक्ति और राष्ट्रवाद के संगम वाले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर समाज की एकता का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आगाज क्षेत्रीय महिलाओं की ओर से निकाली गई भव्य जल कलश यात्रा से हुआ। इसके पश्चात गौ-माता का पूजन और दीप प्रज्वलन कर सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत की गई। स्थानीय विद्यालय की छात्राओं और महिलाओं ने भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
सम्मेलन में पहुंचे धर्माचार्यों और अतिथियों ने समाज को नई दिशा देने वाले विचार साझा किए। सह प्रांत प्रचारक चंद्र शेखर ने कहा कि वर्तमान चुनौतियों से लड़ने के लिए हिंदू समाज का संगठित होना अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और राष्ट्र हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही, उन्होंने जनसांख्यिकीय संतुलन पर जोर देते हुए हिंदुओं से कम से कम तीन बच्चे पैदा करने का आह्वान किया। महंत शिवानंद गिरी महाराज उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि श्रेष्ठ जीवन जीने की पद्धति है। देवगिरि जी महाराज ने भेदभाव मिटाकर समाज में प्रेम, सेवा और संस्कारों के विस्तार पर बल दिया। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सांस्कृतिक संरक्षण की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने धार्मिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सामूहिक प्रण लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, ग्राम प्रधान रामेश्वर जमलोकी, आरती देवी, योगिता देवी, प्रधान शेरसी वीरेंद्र नौटियाल, लक्ष्मण बिष्ट, सुभाष रावत, जितेंद्र सेमवाल, नंद लाल, कमलेश भट्ट, अतुल जमलोकी, प्रमोद नौटियाल, लक्ष्मण गजवान, सतीश भट्ट, भुवनेश नौटियाल सहित अन्य मौजूद थे।