मदमहेश्वर घाटी में गूंजा सनातन का उद्घोष

ऊखीमठ,। मदमहेश्वर घाटी के प्रमुख हिल स्टेशन मनसूना में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक समागम में घाटी के दर्जनों गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं, धर्माचार्यों और युवाओं ने हुंकार भरते हुए धर्म व संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। सम्मेलन का आकर्षण भव्य शोभा यात्रा रही, जिसमें पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। विभिन्न विद्यालयों के नौनिहालों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन और गौ माता के पूजन के साथ संपन्न हुआ।
प्रान्तीय सेवा प्रमुख पवन ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में हिंदू समाज का संगठित रहना अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति का मार्ग चुनने और राष्ट्रहित में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। वरिष्ठ साहित्यकार जीवन्ती देवी खोयाल ने वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत को सनातन की आत्मा बताया। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग ने समाज में एकता और भाईचारे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंदिरों की गरिमा बनाए रखना और अपनी परंपराओं को सहेजना ही सांस्कृतिक पुनर्जागरण है।
सम्मेलन में क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति की स्पष्ट झलक देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। धार्मिक प्रवचनों ने श्रोताओं को अध्यात्म से जोड़ा, वहीं स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुत देशभक्ति कार्यक्रमों ने पंडाल में जोश भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन व गौ माता पूजन के साथ पूरी विधि-विधान से हुआ।
कार्यक्रम में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण और गौ-सेवा जैसे गंभीर विषयों पर भी गहन चर्चा की गई। सम्मेलन में महिलाओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम के संयोजक ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी व सह संयोजक दलवीर नेगी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। संचालन देवेंद्र राणा ने किया। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री दिनेश बगवाडी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला प्रचारक पंकज, मदन भट्ट, सोनिया पंवार, विशाम्बरी देवी, सरिता देवी, नीमा देवी, मिथला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेशमा भट्ट, लक्ष्मी देवी, मयंक, संदीप पुष्वाण, प्रेमलता पंत, तेज प्रकाश त्रिवेदी, बच्चीराम सेमवाल, संजय तिवारी, रोशन त्रिवेदी और प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह नेगी सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *