सड़क हादसे में थराली के गांव के 3 लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा

थराली,। विकासखंड देवाल के चैड़ गांव में हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत से पूरे चैड़ गांव के साथ देवाल क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को अंतिम दर्शन हेतु परिजन अपने-अपने घर ले गए, जहां कोहराम मचा हुआ है। आसपास के गांवों से पहुंचे रिश्तेदारों के चेहरों पर भी गहरा दुख साफ झलक रहा है।
जानकारी के अनुसार, चैड़ गांव के चार पुरुष और महिलाएं करीब 12 किलोमीटर दूर मौपाटा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। शाम लगभग 3ः30 बजे चैड़ गांव के ही 52 वर्षीय नारायण सिंह पुत्र गोविंद सिंह अपने प्राइवेट वाहन (यूपी 15 बीएफ 9963 ईकोस्पोर्ट) से घर लौटने के लिए तैयार हुए। वाहन में तीन महिलाओं एवं दो पुरुषों ने बैठकर चैड़ गांव लौटने का इरादा किया, लेकिन उन्हें यह अंदेशा नहीं था कि यह सफर उन्हें सीधे मौत की ओर ले जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन मौपाटा के रोल तोक में सड़क के किनारे खड़ा था, जहाँ सड़क पर तीव्र ढाल है। चालक वाहन में सवार भी नहीं हो पाया था कि अचानक वाहन बिना चालक के ही चलने लगा और तेज ढलान के कारण गति पकड़ते हुए करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जहां से वाहन गिरा, उसके नीचे कोटेड़ादृमौपाटा सड़क का मोड़ था, जिस पर वाहन जा गिरा।
दुर्घटना में कुछ लोग पहाड़ी पर छिटक गए जबकि कुछ वाहन के साथ नीचे की सड़क पर आ गिरे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने वाहन के पहियों के आगे पत्थर नहीं लगाया था और न ही वाहन को गियर में खड़ा किया था। केवल हैंड ब्रेक के भरोसे वाहन खड़ा किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। इस भीषण दुर्घटना में बसंती देवी पत्नी मान सिंह और मोहनी देवी पत्नी कुंवर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य घायल, भजन सिंह पुत्र बादर सिंह, को 108 एंबुलेंस से देवाल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे में चैड़ गांव के खिलाप सिंह पुत्र नारायण सिंह और कोटेड़ा गांव की कुमारी ज्योति पुत्री गंगा सिंह घायल हो गए।
चैड़ गांव में एक साथ तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग से आई चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में मृतकों का पोस्टमार्टम किया और शव परिजनों को सौंप दिए। शवों को गांव लाए जाने पर परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। कई ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखें नम हो गईं। परिजनों के अनुसार सभी का अंतिम संस्कार शनिवार को बोरागाड़ स्थित पिंडर नदी के पैतृक घाट पर किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा मेडिकल कॉलेज श्रीनगर पहुंचे और वहां भर्ती घायल खिलाप सिंह एवं कुमारी ज्योति का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार घायलों के साथ है और उपचार में हर संभव सहयोग दिया जाएगा। हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करने वालों में देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, पूर्व प्रमुख डी.डी. कुनियाल, जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम, हाटदृकल्याणी की उर्मिला बिष्ट, चैड़ की ग्राम प्रधान मीना देवी, पूर्व जेष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हैं। सभी ने ईश्वर से पीड़ित परिवारों को इस दुखद घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *