15 से 20 जून तक देहरादून में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी और शिविरों का आयोजन

देहरादून,। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद देहरादून में 15 जून से 20 जून, 2026 तक विशेष प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 जून को जिला पंचायत देहरादून, 18 जून को कालसी एवं डोईवाला, 19 जून को सहसपुर एवं विकासनगर तथा 20 जून को चकराता एवं रायपुर में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा तथा उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
इसके साथ ही विभिन्न स्थलों पर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों और सफलताओं को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी सरल, सुलभ एवं प्रभावी तरीके से प्राप्त हो सके। कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अनेक जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रदर्शनी स्थलों पर ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स-पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करने तथा विभिन्न योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण जैसी गतिविधियां समानांतर रूप से संचालित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इन प्रदर्शनी एवं पंजीकरण शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें, सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार उनका अधिकतम लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *