शासन ने मसूरी में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के पालिका को दिए निर्देश

मसूरी,। मसूरी शहर में बढ़ते यातायात के दबाव, जाम की समस्या और पार्किंग के संकट के स्थायी समाधान हेतु शासन के उच्च स्तर पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सचिव गृह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मसूरी में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और नागरिकों एवं पर्यटकों को राहत प्रदान करने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान, सचिव गृह ने मसूरी नगर पालिका परिषद को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए तत्काल प्रभाव से प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने पालिका को निर्देशित किया कि मसूरी क्षेत्रांतर्गत निजी भूमि स्वामियों से सर्फेस लेवल पार्किंग के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए जाएं। इसके माध्यम से शहर में उपलब्ध निजी खाली भूमियों का उपयोग पार्किंग के रूप में कर जाम की समस्या से निजात पाने का प्रयास किया जाएगा।
सचिव (गृह) ने नगर पालिका प्रशासन को यह भी निर्देशित किया है कि इस दिशा में कृत कार्यवाही और प्राप्त होने वाले आवेदनों का पूर्ण विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत किया जाए, ताकि पार्किंग स्थलों के चयन और संचालन पर त्वरित निर्णय लेकर कार्य को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके। शासन का यह कदम मसूरी में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और यातायात को सुव्यवस्थित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *