लोकभवन में किया गया स्वास्थ शिविर का आयोजन

देहरादून,। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। रेकिट और प्लान इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लोक भवन में निवासरत परिवारों लिए स्वास्थ शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। गुरमीत कौर ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की नींव रखती है। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
प्रथम महिला ने स्वच्छता और स्वास्थ्य के संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित हाथ धोना, स्वच्छ जल का उपयोग तथा अपने आस-पास की साफ-सफाई बनाए रखना जैसी सरल आदतें अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक होती हैं। उन्होंने इसे व्यक्तिगत के साथ-साथ सामुदायिक उत्तरदायित्व बताते हुए सभी नागरिकों से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने “डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया” जैसे जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी संगठनों एवं टीम डीबीएसआई को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई दी। इस अवसर पर विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, परिसहाय अमित श्रीवास्तव, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. प्रांजलि थापा, रेकिट एवं प्लान इंडिया के प्रोग्राम मैनेजर सैयद अली नकवी, मैनेजर प्लान इंडिया संजय सिंह सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *