ऊखीमठ में गैस वितरण व्यवस्था चरमराई
रुद्रप्रयाग,। ऊखीमठ में गैस वितरण व्यवस्था अव्यवस्थित होने से आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस वितरण वाहन के पहुंचते ही सुबह से लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। इस समस्या को लेकर व्यापार मंडल ऊखीमठ के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल सिंह रावत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था सुधार की मांग उठाई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए गैस वितरण का एक स्पष्ट एवं नियमित शेड्यूल जारी किया जाना चाहिए तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को पूर्व जानकारी मिल सके और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि ऊखीमठ में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए गैस की पर्याप्त आपूर्ति को लेकर विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इसके साथ ही व्यापारियों ने गैस एजेंसियों की मनमानी एवं संभावित कालाबाज़ारी पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रशासन से नियमित निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग भी की। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट, महामंत्री महेश बर्त्वाल, कोषाध्यक्ष मनवर नेगी, जयप्रकाश पंवार एवं पूर्व सभासद प्रमोद नेगी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं, व्यापार संघ की मांग का तत्काल संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भेजते हुए मामले में त्वरित कार्यवाही करने को कहा है। उन्होंने पत्र में कहा कि ऊखीमठ में गैस वितरण को लेकर स्पष्ट शेड्यूल जारी करने, पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, पारदर्शिता बनाए रखने एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने को लेकर कार्यवाही की जाए। कहा कि व्यापार संघ का कहना है कि ऊखीमठ में रसाई गैस सिलेंडरों के वितरण को लेकर उपभोक्ताओं को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंचते ही सुबह से लम्बी-लम्बी कतारे लग जाती हैं, जिससे आम जनता को अत्यधिक परेशानी हो रही है। परेशानी को देखते हुए व्यापार संघ ने उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में गैस आपूर्ति वितरण किये जाने का अनुरोध किया गया है। एसडीएम ने वर्तमान समय में हो रही समस्याओं के दृष्टिगत क्षेत्र में रोस्टर अनुसार गैस आपूर्ति की व्यवस्था, व्यवसायिक सिलेंडरों की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति तथा नगर पंचायत क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को बढायें जाने के साथ वितरण की कार्यवाही करने को कहा है।