यूकेडी ने पिथौरागढ़ में खोला कार्यालय, ऐरी ने की चुनाव लड़ने की पेशकश
पिथौरागढ़,। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को अब एक साल से कम का वक्त बचा है। लिहाजा, उत्तराखंड क्रांति दल ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में यूकेडी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने पिथौरागढ़ में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूकेडी ने उत्तराखंड राज्य और यहां की जनता के लिए लड़ाई लड़ी है। वर्तमान में उत्तराखंड की दशा व दिशा काफी बिगड़ गई है। 2027 में राज्य की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का जो आदेश होगा, वो वहां से चुनाव लड़ेंगे।
पिथौरागढ़ में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर यूकेडी नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उन्होंने इसी जिले से अपने राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। यूकेडी का गठन करने में भी इस जिले का योगदान है। ऐरी ने कहा कि पिथौरागढ़ में यूकेडी ने अपना कार्यालय खोलकर जनता की इच्छा के अनुरूप शुरुआत की है। उम्मीद है जनता का पूरा साथ मिलेगा। यूकेडी ने हमेशा जनता की लड़ाई लड़ी है। हमारी लड़ाई अब भी जारी है और आगे भी जारी रहेगी।
काशी सिंह ऐरी उत्तराखंड के कद्दावर नेताओं में शुमार रहे हैं। वो उत्तर प्रदेश विधानसभा में वे तीन बार जबकि, उत्तराखंड गठन के बाद एक बार विधायक रहे हैं। ऐरी डीडीहाट विधानसभा सीट से साल 1985-1989, 1989-1991 और 1993-1996 में विधायक रहे। उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद वे पहली बार हुए चुनाव 2002-2007 में कनालीछीना विधानसभा से विधायक चुने गए। साल 2022 में उन्होंने चुनाव न लड़ने का ऐलान किया था। अब एक बार फिर उन्होंने पार्टी के कहने पर चुनाव लड़ने की बात कही है।
काशी सिंह ऐरी ने कहा कि श्मैंने पार्टी से अनुरोध किया था कि मैं चुनाव नहीं लडूंगा। पार्टी की इच्छा है कि मैं चुनाव लडूं। पार्टी जहां से भी चुनाव लड़ने को कहेगी, वहां से चुनाव लडूंगा।श् उन्होंने कहा कि राज्य के हित के लिए मुहिम शुरू कर दी है।
साल 2027 में होने वाले चुनावों में गठबंधन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में समान विचारधारा वाले, जन सरोकारों के लिए लड़ने वाले जो लोग होंगे उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि पिथौरागढ़ नगर के चिमिस्यानौला क्षेत्र में उत्तराखंड क्रांति दल के नए कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने पूजा-अर्चना कर कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरानपार्टी की नीतियों और उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ली। काशी सिंह ऐरी ने कहा कि पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर यूकेडी से बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। राष्ट्रीय दलों से लोगों का मोह भंग हो चुका है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राम सिंह, वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर कापड़ी, जगत सिंह मेहता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।