एकात्म निकेतन में गूंज रहे शिव के जयकारे, भक्तिमय हुई पूरी केदारघाटी

रुद्रप्रयाग,। हिमालय की गोद और बाबा केदार के सानिध्य में स्थित पावन धाम सतढुंग महादेव मंदिर, हाट (एकात्म निकेतन) इन दिनों पूरी तरह शिवमय हो उठा है। यहां आयोजित 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा एवं रुद्र महायज्ञ ने समूची केदारघाटी को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया है। भोर की पहली किरण के साथ शुरू होने वाला रुद्राभिषेक और देर शाम तक चलने वाले भजन-कीर्तन से क्षेत्र का पग-पग भक्तिमय बना हुआ है।
अनुष्ठान के तहत प्रतिदिन विधिवत गणेश पूजन, पंचांग पूजन और नवग्रह पूजन संपंन किया जा रहा है। महायज्ञ की महत्ता बताते हुए यज्ञाचार्यों ने कहा कि प्रतिदिन हवन कुंड में विशेष आहुतियां अर्पित की जा रही हैं। मान्यता है कि इस महायज्ञ से न केवल क्षेत्र में सुख-समृद्धि आएगी, बल्कि संतुलित वर्षा, रोगों से मुक्ति और समाज में आपसी सद्भाव की स्थापना भी होगी। विद्वान आचार्यों की वेद ऋचाओं और महिलाओं के पारंपरिक धार्मिक भजनों ने पूरे वातावरण को दिव्य बना दिया है।
कथा के आठवें दिन व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचक आचार्य दिनेश चन्द्र भट्ट ने भगवान शिव के कल्याणकारी स्वरूप का भावपूर्ण चित्रण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिव महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करने का दिव्य साधन है। उन्होंने आगे कहा, “भगवान शिव संहार के देवता होते हुए भी सृष्टि के संतुलन और संरक्षण के प्रतीक हैं। समुद्र मंथन के समय लोक कल्याण के लिए विषपान कर ’नीलकंठ’ बनने वाले महादेव मानवता के लिए त्याग और समर्पण की सर्वोच्च मिसाल हैं।“ आचार्य ने शिव को आदि योगी और आदि गुरु बताते हुए उनके सरल और भोले स्वरूप की महिमा का बखान किया।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल जिरवाण ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केदारघाटी जैसे तपोभूमि क्षेत्र में ऐसे आयोजन विशेष फलदायी होते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह रुद्राभिषेक, दोपहर में कथा और संध्याकाल में महाआरती के आयोजन से पूरी घाटी शिवमय है। यह आयोजन न केवल धार्मिक चेतना जगाता है, बल्कि सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करता है। शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन आचार्य विजय बेजवाल की ओर से पुराण पारायण किया जा रहा है जबकि आचार्य कैलाश नौटियाल, प्रियधर पुरोहित, हिमांशु नौटियाल, सुनील गौड़, त्रिलोचन प्रसाद भट्ट की ओर से रूद्र महायज्ञ में सहभागिता की जा रही है
इस दौरान ग्राम प्रधान हाट श्रीमती संजू गोस्वामी, अध्यक्ष रामचंद्र गोस्वामी, उपाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी, मंत्री विजय बेजवाल, सचिव बुद्धि बल्लभ गोस्वामी, कोषाध्यक्ष मुरारी प्रसाद गोस्वामी। बिक्रम राणा, शिशुपाल रावत और ओम गोस्वामी सहित समस्त क्षेत्रवासी अपना विशेष सहयोग दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *