अगस्त्यमुनि में भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन

रुद्रप्रयाग,। राज्य स्थापना की रजत जयंती व राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में माय भारत के उप निदेशक, राहुल डबराल के निर्देशन में अगस्त्यमुनि में भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। रैली राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि से प्रारंभ होकर अगस्त्यमुनि खेल मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, महिला मंगल दलों, युवा मंगल दलों एवं स्थानीय जनमानस ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने ध्वजारोहण एवं सलामी लेकर किया। उसके स्कूली छात्र-छात्राओं ने “यूनिटी मार्च” प्रभात फेरी निकाली, जिसमें “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “राष्ट्र प्रथम”, “जय उत्तराखंड“ “एकता हमारी शक्ति है” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। इस दौरान महिला मंगल दल एवं युवा मंगल दल की महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी, जिसमें उत्तराखंडी लोकसंस्कृति की जीवंत झलक दिखाई दी। “यूनिटी मार्च” के माध्यम से जनमानस ने उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर एकता, सौहार्द, देशभक्ति और समर्पण का संदेश दिया। यह आयोजन राज्य की गौरवशाली यात्रा, राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारियों के योगदान का सम्मान करना एवं उनके त्याग संघर्ष और बलिदान को जनमानस के समक्ष आदरपूर्वक स्मरण कर नई पीढ़ी को प्रेरित करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण रहा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, कार्तिकस्वामी मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *